November 7, 2025

बीटी गंज में 106वीं भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, श्रद्धालुओं में उमंग और उत्साह

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। नगर में रामलीलाओं की धूम एक बार फिर शुरू हो चुकी है। शुक्रवार की रात बीटी गंज स्थित श्री रामलीला समिति (रजि.) द्वारा आयोजित 106वें भव्य रामलीला महोत्सव का शुभारंभ विधिविधान और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर पूरे नगर में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला।महोत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें पंडित राजकुमार कौशिक, पंडित सचिन शास्त्री, पंडित रोहित जैमिनी, पंडित सत्येंद्र पूरी, पंडित कुलदीप शर्मा, पंडित रामगोपाल पाराशर, पंडित पवन वत्स, पंडित हर्ष शास्त्री तथा पंडित बबलू शर्मा आदि पुरोहितों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई। रामलीला महोत्सव में आए यजमानों ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना के साथ ही भगवान श्री गणेश की आरती भी की।पूजा के बाद आयोजित प्रवचन में वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सेवा और सत्य पर आधारित था। जब-जब पृथ्वी पर अत्याचार बढ़े, तब भगवान ने अवतार लेकर दुष्टों का नाश किया और धर्म की स्थापना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुखों का सबसे बड़ा कारण परिवारिक विघटन और संस्कारों से दूरी है। यदि लोग भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के चरित्र को अपनाएं तो जीवन में समृद्धि और शांति आ सकती है। वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया और संगठित परिवार प्रणाली को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया।कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने किया। उद्घाटन अवसर पर नगर की प्रथम महिला मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति की धरोहर है और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है। राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है।इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल, यशपाल राणा, विधायक प्रदीप बत्रा, संजय अरोड़ा, अक्षय प्रताप सिंह, इंजीनियर चैरब जैन, चौधरी धीर सिंह, अरविंद कश्यप, डॉ. सौरभ गुप्ता, नितिन गोयल, गौरव कौशिक, सावित्री मंगला, नवीन जैन एडवोकेट, रविंद्र खन्ना, महेंद्र काला, गौरव मेहंदीरत्ता सहित नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति पदाधिकारियों में संयोजक मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग, प्रदीप परुथी व दीपक शुक्ला भी सक्रिय भूमिका में नजर आए।कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी रही। मंचन स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी भव्य नजर आ रहा था। श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा।रामलीला महोत्सव के इस शुभारंभ ने नगर में भक्ति और संस्कृति की नई ऊर्जा का संचार किया। आने वाले दिनों में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जिनका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस प्रकार बीटी गंज की रामलीला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!