February 5, 2026

मोहम्मद दीपक को आज़ाद अली का बड़ा ऑफर, उत्तराखंड की किसी भी विधानसभा से चुनाव लड़ने का दिया प्रस्ताव

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने इंसानियत और साहस की मिसाल बन चुके दीपक कुमार उर्फ “मोहम्मद दीपक” को उत्तराखंड की किसी भी विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने का बड़ा प्रस्ताव दिया है। आज़ाद अली ने कहा कि यदि मोहम्मद दीपक इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं, तो जन अधिकार पार्टी (ज) उन्हें पूरी मजबूती और संगठनात्मक क्षमता के साथ अपने बलबूते पर चुनाव मैदान में उतारेगी।

 

जानकारी के अनुसार, आज़ाद अली पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कोटद्वार में मोहम्मद दीपक से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया, जिससे कुछ समय तक स्थिति असहज बनी रही। पार्टी काफिले को आगे जाने से रोके जाने पर मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बन गयी। काफी मशक्कत और बातचीत के बाद पुलिस ने काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति दी, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व दीपक से मुलाकात कर सका।
गौरतलब है कि हाल ही में कोटद्वार में घटी एक घटना के बाद दीपक कुमार उर्फ “मोहम्मद दीपक” पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गए। बताया जा रहा है कि एक बुजुर्ग मुस्लिम दर्जी को कुछ हुड़दंगाइयों द्वारा परेशान किया जा रहा था। उस समय दीपक ने बिना किसी भय के आगे बढ़ते हुए स्वयं को “मोहम्मद दीपक” बताया और बुजुर्ग को प्रताड़ना से बचाने का प्रयास किया। दीपक के इस साहसिक कदम से मौके पर माहौल संभल गया, हालांकि इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने दीपक पर हमला करने और स्थिति बिगाड़ने की कोशिश भी की।
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने दीपक की सराहना करते हुए कहा कि आज “मोहम्मद दीपक” केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को राजनीति में आगे आना चाहिए, जो समाज को जोड़ने का कार्य करें और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें।
आज़ाद अली ने आगे कहा कि यदि मोहम्मद दीपक जैसे लोग विधानसभा तक पहुंचते हैं, तो उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। इससे नफरत और विभाजन की राजनीति को चुनौती मिलेगी तथा आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को बल मिलेगा। जन अधिकार पार्टी का उद्देश्य भी ऐसे ही जमीनी, साहसी और संवेदनशील लोगों को राजनीति में आगे लाना है।

जन अधिकार पार्टी (ज) के प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत अली और जिलाध्यक्ष नदीम ने कहा कि मोहम्मद दीपक ने कोटद्वार की घटना में जिस साहस, संवेदनशीलता और इंसानियत का परिचय दिया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आज समाज को ऐसे ही लोगों की जरूरत है, जो नफरत और भय के माहौल में भी भाईचारे की मिसाल पेश करें। हसरत अली और नदीम ने कहा कि जन अधिकार पार्टी हमेशा इंसानियत, सामाजिक न्याय और आपसी सौहार्द के पक्ष में खड़ी रही है। यदि मोहम्मद दीपक राजनीति में आते हैं, तो यह उत्तराखंड की राजनीति को नई दिशा देगा और आम जनता की आवाज को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी (ज) के प्रदेश सचिव अभिषेक, सलाहकार मो. वसीम,ज़िलाध्यक्ष नदीम, प्रदेश उपाध्यक्ष हसरत अली ,प्रदेश उपाध्यक्ष शहज़ाद साबरी, तौसीन, आसिफ, युवा मोर्चा के निखिल, सलीम, शिवम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने मोहम्मद दीपक के साहस की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!