February 4, 2026

रुड़की : ढंडेरा में बैंड-बाजों के साथ निकली संत रविदास जी की शोभायात्रा, आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। ढंडेरा क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। सुबह से ही संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गुरु रविदास महाराज को नमन कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
जयंती समारोह के दूसरे दिन मंदिर समिति की ओर से नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। झांकियों में संत रविदास महाराज के जीवन, उनकी वाणियों और सामाजिक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
शोभायात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास महाराज की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास की वाणी पूरी मानव जाति को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और वचनों के माध्यम से समाज में व्याप्त दिखावे, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों पर प्रहार किया। आज के समय में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस युग में थे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि देश को आज संत रविदास महाराज की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। सत्य, प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश ही समाज को मजबूत बना सकता है। संत रविदास की शिक्षाएं हमें समानता और मानवता का पाठ पढ़ाती हैं, जिसे अपनाकर एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
खानपुर विधायक उमेश कुमार भी अपनी टीम के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने संत रविदास महाराज को नमन करते हुए कहा कि उनके विचार सामाजिक न्याय और समानता की नींव हैं। विधायक उमेश कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी का मंदिर समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया। मंदिर समिति के प्रधान मुकेश भगत ने समिति के सदस्यों के साथ मिलकर दोनों अतिथियों का माल्यार्पण किया तथा उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सभासद पति सोनू पार्टी, सचिन सिलहान, जितेंद्र, जगदीश, सुधीर, तेज सिंह राणा, कर्म सिंह, गोविंद चन्ना, मोहित, पूर्व प्रधान यशपाल, नदीम, सुनील भगत, देवेंद्र सिलहान, पप्पू ठेकेदार, विक्रांत, अमन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से संत रविदास महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!