December 20, 2025

अनाज मंडी में भूमि विवाद को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर और नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। अनाज मंडी क्षेत्र में नगर निगम की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मेयर अनीता अग्रवाल एवं नगर आयुक्त राकेश तिवारी पर आरोप लगाया कि नगर निगम की संपत्तियों को जानबूझकर भू-माफियाओं के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे मेयर और नगर आयुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएंगे।कांग्रेस के अनुसार अनाज मंडी में नगर निगम की फड़ की जमीन पर एक बाहरी भू-माफिया ने जेसीबी चलवाकर कब्जे का प्रयास किया। स्थानीय व्यापारियों एवं निवासियों ने इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को पहले ही कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दी थीं। बावजूद इसके निगम की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया। प्रदर्शनकारी नेताओं का दावा है कि रात के समय नगर निगम की ही जेसीबी का उपयोग कर भूमि को क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे इस पूरे घटनाक्रम में उच्चस्तरीय मिलीभगत की आशंका और गहरी हो जाती है।महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद भी प्रशासन और नगर निगम द्वारा कार्रवाई न करना कई सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि यह संपूर्ण प्रकरण मेयर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त राकेश तिवारी की जानकारी और संरक्षण में हुआ। उन्होंने कहा कि यदि निगम प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष होता तो भू-माफिया के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होती और भूमि पर कब्जा रोक दिया जाता।व्यापारी प्रवीण सिंघल और अमित आहूजा ने बताया कि शिकायतें देने के बावजूद ना नगर निगम जागा और न ही पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई न होना यह दर्शाता है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। जिसके कारण प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और आरोप लगाया कि रुड़की की कीमती निगम भूमि को व्यवस्थित रणनीति के तहत कब्जे में दिलवाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अविलंब भूमि को मुक्त कराया जाए, इसमें शामिल लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाए और नगर निगम के अधिकारियों से जवाब तलब किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे इस मामले को बड़े स्तर पर उठाएंगे। इस मौके पर पार्षद चारु चंद, पूर्व पार्षद संजय तोमर, डॉ. हरमिंदर सिंह, भूषण त्यागी, पप्पन, विजय पाल सिंह, नवीन जैन, सुधीर चौधरी, एडवोकेट राजा चौधरी, प्रदीप सिंह, सुशील कश्यप, मिंटू जायसवाल, नन्द लाल यादव, विशाल सहगल, मोनू सिंघल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!