November 7, 2025

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रुड़की में किया राम कथा का श्रवण

(ब्योरो – दिलशाद खान ।KNEWS18)

रुड़की। नेहरू स्टेडियम, रुड़की में रविवार को आयोजित चल रही राम कथा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने पहुंचकर कथा वाचक आचार्य विजय कौशल जी महाराज के प्रवचनों का श्रवण किया। इस दौरान वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा। कथा में नगर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ-साथ भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंच पर पहुंचकर विजय कौशल जी महाराज का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इसके पश्चात उन्होंने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया और राम कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि एक आदर्श जीवन पद्धति है। सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलना ही श्रीराम के आदर्श हैं और यही संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना चाहिए।भट्ट ने कहा कि कथा श्रवण केवल धार्मिक आयोजन नहीं होता, बल्कि यह समाज को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से लोगों में आपसी भाईचारा और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे राम कथा जैसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर समाज की सेवा और जनकल्याण के कार्यों में आगे आएं।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने भी विजय कौशल जी महाराज का स्वागत किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराज जी की राम कथा हर वर्ग के लिए प्रेरणादायी है। कथा श्रवण से जीवन में अध्यात्म और भक्ति के साथ-साथ व्यवहार में भी परिवर्तन आता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सदैव महत्व देता है और समाज को जोड़ने का कार्य करता है।विधायक प्रदीप बत्रा ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राम कथा का श्रवण कर हर व्यक्ति अपने जीवन में धर्म और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि महाराज जी के प्रवचन जीवन में व्यावहारिक शिक्षा का कार्य करते हैं और यह समाज में नई चेतना का संचार करते हैं।कथा स्थल पर भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, पवन तोमर, प्रवीण संधू, गुरजिंदर सिंह सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर राम कथा का आनंद लिया। कथा स्थल पर जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा और भक्त भावविभोर होकर प्रवचनों में लीन दिखाई दिए।राम कथा के दौरान आचार्य विजय कौशल जी महाराज ने श्रीराम के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए मर्यादा, सत्य और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने जीवन में धर्म और सत्य को अपनाता है तो समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण स्वतः निर्मित होता है।कथा का समापन भक्ति संगीत और भजनों के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु गहरे भाव से जुड़े। कार्यक्रम का संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति रस से परिपूर्ण रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!