हरिद्वार- भक्तोवाली में सड़क पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को झबरेड़ा-सहारनपुर मार्ग स्थित भक्तोवाली क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क पर बने एक कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर शुरू हुई इस कार्रवाई को लोक निर्माण विभाग (PWD), राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सड़क पर स्थित मजार को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी कि यह निर्माण सार्वजनिक मार्ग पर होने के कारण यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहा है। शिकायत के बाद संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की गई। जांच के उपरांत संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्माण से जुड़े दस्तावेज और वैध स्वामित्व संबंधी प्रमाण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर किसी भी पक्ष की ओर से कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद दोबारा नोटिस जारी कर दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया, लेकिन पुनः कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई। सभी कानूनी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद प्रशासन ने निर्माण को अवैध मानते हुए उसे हटाने का निर्णय लिया।
मंगलवार को प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की सहायता से सड़क पर बने निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन की ओर से अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी और कानूनगो सुभाष जैमिनी मौजूद रहे। पुलिस विभाग की ओर से थाना अध्यक्ष झबरेड़ा दक्ष शोखंड ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली, जबकि लोक निर्माण विभाग की ओर से सहायक अभियंता दीपा सिंह भी मौके पर उपस्थित रहीं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि, सड़क, सरकारी संपत्ति अथवा अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों को नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
भक्तोवाली क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा बनी रही। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को देखा। प्रशासन का कहना है कि जनहित, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दोहराया कि भविष्य में भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
