मंगलौर पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर, 8 घंटे में चोरी का खुलासा; शत-प्रतिशत माल बरामद

(ब्योरो रिपोर्ट दिलशाद खान)

मंगलौर। हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नगर पालिका से चोरी हुए सामान के मामले का महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के मोहल्ला किला निवासी रिजवान, जो वर्तमान में नगर पालिका मंगलौर में जेसीबी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि नगर पालिका परिसर में खड़े ट्रैक्टर एवं जेसीबी मशीन से अज्ञात व्यक्ति बैटरियां, मोटर, गियर बॉक्स, चैन की गरारी तथा बड़ा जैक चोरी कर ले गया है। चोरी की घटना सामने आने के बाद नगर पालिका कर्मियों में हड़कंप मच गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में धारा 305(ई) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने तत्काल एक पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने घटना के मात्र आठ घंटे के भीतर आरोपी अलीशान राव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर की दो बैटरियां, जेसीबी की एक बैटरी, दो गियर बॉक्स, दो चैन की गरारी तथा एक बड़ा जैक बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या UK08W-4100 को भी कब्जे में ले लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलीशान राव पुत्र फुरकान निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलौर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन विष्ट, अपर उपनिरीक्षक श्यामबाबू, कांस्टेबल रणवीर तथा पीआरडी जवान आशीष शामिल रहे, जिनकी मेहनत से मामले का त्वरित खुलासा संभव हो सका।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!