अवैध कॉलोनी पर HRDA का बड़ा एक्शन बेहड़ेकी सैदाबाद में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही से मचा हड़कंप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की/हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने भगवानपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बेहड़ेकी सैदाबाद में अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है । प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना स्वीकृत मानचित्र के किए गए अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया।


बताया गया है कि संबंधित भूमि खाता संख्या-101, खसरा संख्या-386 तथा रकबा 0.4442 हेक्टेयर है। आरोप है कि संजय पाल सहित कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने कृषि भूमि पर बिना अनुमति अवैध कॉलोनी विकसित कर प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। इतना ही नहीं, कॉलोनी में निर्माण कार्य भी कराए जा रहे थे, जो प्राधिकरण के नियमों के विरुद्ध पाए गए।
मामले की शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन, सीएम पोर्टल और HRDA में की गई थी। शिकायत के बाद प्राधिकरण ने जांच कर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए और मानचित्र स्वीकृति सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्धारित समयावधि में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया ।
गौरतलब है कि सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रुड़की द्वारा 27 फरवरी 2026 को उक्त भूमि के विक्रय और किसी तीसरे पक्ष के हित सृजित करने पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद HRDA ने कार्रवाई तेज करते हुए अवैध कॉलोनी को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
संयुक्त सचिव भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में चली कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम, पुलिस बल और विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। एचआरडीए सहायक अभियंता टी.एस. पंवार ने बताया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के कॉलोनी विकसित करना पूरी तरह अवैध है और भविष्य में भी ऐसी अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति को खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की जांच अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।इस मौके पर टीम में जे ई पंकज ,टी एस हिमांशु,टीएस प्रखर ,सीनियर सुपरवाईजर संजय आदि मौजूद रहे ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!