घर-घर पहुंचेंगे BLO, हर मतदाता का होगा सत्यापन और दस्तावेजों का मिलान
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 26 मई 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। यह अभियान विधानसभा क्षेत्र रुड़की, पिरान कलियर, झबरेड़ा और मंगलौर में संचालित किया जाएगा। निर्वाचन विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना बताया गया है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचन नामावली में सही रूप से दर्ज हो सके।
निर्वाचन आयोग द्वारा इस पुनरीक्षण कार्यक्रम की अर्हता तिथि 01 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन विभाग द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर भेजकर मतदाताओं का सत्यापन कराया जाएगा। BLO प्रत्येक परिवार से संपर्क कर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरवाएंगे तथा मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। प्रत्येक मतदाता के लिए निर्धारित गणना प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो भी प्रपत्र पर चस्पा करना आवश्यक रहेगा।
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाता गणना प्रपत्र भरते समय आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराने होंगे। इसके लिए मतदाता पहचान से संबंधित दस्तावेज BLO को दिखा सकते हैं, ताकि नामावली में दर्ज विवरण सही और प्रमाणित रह सके। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सत्यापन कार्य के दौरान BLO को पूरा सहयोग प्रदान करें।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी भी जारी कर दी गई है। इसके तहत 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक BLO द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया 7 जुलाई तक पूरी की जाएगी। प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा, जबकि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 11 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विधानसभा क्षेत्रवार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) की नियुक्ति भी की गई है। झबरेड़ा और पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्रों के लिए श्री हर गिरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रुड़की विधानसभा क्षेत्र के ERO श्री दीपक रामचन्द्र शेट, खानपुर के लिए श्री राकेश तिवारी तथा मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री आकाश जोशी नियुक्त किए गए हैं।
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। रुड़की विधानसभा के लिए 9458150608, पिरान कलियर के लिए 9458155676, झबरेड़ा के लिए 9458155675 तथा मंगलौर विधानसभा के लिए 9458150609 नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक किसी भी निर्वाचन संबंधी जानकारी, शिकायत अथवा सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय से अपना गणना प्रपत्र भरें और निर्वाचन नामावली में अपना नाम सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
