पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने निकाली झोटा-बुग्गी यात्रा

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और नीट पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जनों द्वारा मछली बाजार से लेकर शहीद चंद्रशेखर चौक तक “झोटा-बुग्गी यात्रा” निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोज, रुड़की ग्रामीण जिला अध्यक्ष सचिन चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। झोटा-बुग्गी यात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि देश में लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी की कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन कठिन बना दिया है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों पर ध्यान देने के बजाय केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतर रही है और आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों पर सवाल खड़े किए। नेताओं का कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और परीक्षा प्रणाली पर से छात्रों का भरोसा टूटता जा रहा है। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोज ने कहा कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी और झोटा-बुग्गी के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी आधुनिक साधनों का उपयोग करने में असमर्थ होता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, डॉ. हरविंदर सिंह, पूर्व अध्यक्ष कलीम खान, वैभव सैनी, मुल्की राज सैनी, जतिन हांडा, रूप चौधरी, ईशा त्यागी, आदेश सैनी, राजकुमार सैनी, श्रवण गोस्वामी, उम्मीद गाजी, सुशील कश्यप, राव बिलाल, एडवोकेट गुलफान खान, कामिल माही, मोइन खान, सदाकत सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!