November 6, 2026

सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

जनपद हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाओं का शुभारंभ कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अब अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शुरुआती चरण में सप्ताह में दो दिन गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह के निर्देशों के क्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया। सेवा शुरू होने के पहले दिन ही डॉ. अंतिमा और डॉ. यशपाल तोमर द्वारा दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। इससे क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने का रास्ता खुल गया है।

सप्ताह में दो दिन होगी जांच

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाओं को नियमित रूप से संचालित करने के लिए डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक जांच उपलब्ध कराना और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से बचाना है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से महिलाओं के समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

जल्द शुरू होगी सिजेरियन प्रसव सुविधा

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही केंद्र में सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को प्रसव के दौरान आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।

अक्टूबर में 5,151 मरीजों को मिला लाभ

स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर माह में कुल 5,151 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 3,315 नए मरीज और 1,836 पुराने मरीज शामिल रहे। वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 38,263 लाभार्थियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 610 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया गया।

अक्टूबर में 52 और सात माह में 358 प्रसव

प्रसव सेवाओं की जानकारी देते हुए चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अक्टूबर माह में सीएचसी बहादराबाद में कुल 52 प्रसव कराए गए। वहीं अप्रैल से अक्टूबर तक सात माह की अवधि में कुल 358 प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं। वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे सातों दिन आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के साथ संस्थागत प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि जनपद में आमजन को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू होने और आगामी समय में सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही उपलब्ध कराई जा सकें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!