पूर्व मेयर गौरव गोयल की पहल सत्ती मोहल्ला प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को बांटी गई पाठ्य सामग्री

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। सत्ती मोहल्ला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां पूर्व मेयर गौरव गोयल द्वारा विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों को कॉपियां, पेंसिल बॉक्स और अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा।
इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए केवल विद्यालय में उपस्थिति ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छी किताबें, ड्रेस और पाठ्य सामग्री बच्चों के ज्ञान को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं और इससे उनकी शिक्षा के प्रति रुचि भी मजबूत होती है।
उन्होंने आगे कहा कि यही छोटे-छोटे विद्यालय देश के भविष्य का निर्माण करते हैं, जहां से निकलकर छात्र आईएएस और पीसीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचते हैं। ऐसे अधिकारी समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं और उनके समाधान के लिए कार्य करते हैं। गौरव गोयल ने विद्यालयों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि शिक्षा पद्धति में सुधार के साथ-साथ भवन और कक्षाओं के निर्माण की भी आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि नगर के कई प्राथमिक विद्यालयों के दौरे के दौरान यह देखने को मिला कि शिक्षक पूरी लगन और मेहनत से बच्चों को पढ़ा रहे हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी अभी भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इन कमियों को दूर करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
वहीं, पार्षद हाजी फजलुर्रहमान उर्फ छोटे भाई ने कहा कि गौरव गोयल राजनीति में केवल नाम कमाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के उद्देश्य से आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों से उनका समर्पण और कार्यशैली इसका प्रमाण है। बिना किसी पद के भी वह लगातार लोगों की मदद करते रहते हैं, जो उनकी खासियत है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को इस प्रकार की सहायता देना एक पुण्य कार्य है। इससे बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है और उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह भी बढ़ा है।यूथ नगर अध्यक्ष उवेश अंसारी ने कहा कि बच्चों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। इससे न केवल छात्रों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की मजबूत नींव है और ऐसे प्रयास बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उवेश अंसारी ने पूर्व मेयर गौरव गोयल के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा समाज सेवा में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे शिक्षा और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
इस कार्यक्रम में सहायक अध्यापक नेपाल सिंह, विधि गोस्वामी, ऋतु रानी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष उवेस अंसारी, डॉ. मोहम्मद जिया उल हक, अब्दुल रहमान, सैयद मोहसिन अली, जहांगीर कुरैशी, अक्षय कुमार, संजीत ठेकेदार, मोहम्मद अशरफ, हुस्न बानो, रेखा, सोती व युसरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






