रुड़की में बड़ी राजनीतिक बैठक: राकेश टिकैत और उमेश कुमार की मुलाकात से चर्चाओं का बाजार गर्म

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की में किसान नेता राकेश टिकैत और खानपुर विधायक उमेश कुमार की मुलाकात ने उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, किसानों की समस्याएं और चुनावी रणनीति को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ।मुलाकात के बाद राकेश टिकैत ने उमेश कुमार की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उमेश कुमार प्रदेश की जमीनी हकीकत को बेहतर तरीके से समझते हैं और उसे मजबूती से सामने रखते हैं। टिकैत ने विशेष रूप से किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया और कहा कि यह समस्या लंबे समय से किसानों के सामने गंभीर रूप से बनी हुई है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।
राजनीतिक संकेत देते हुए टिकैत ने उमेश कुमार को आगे बढ़ने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे नेताओं की जरूरत है जो जनता की समस्याओं को ईमानदारी से उठाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उमेश कुमार को अपने जैसे अन्य लोगों को भी तैयार करना चाहिए, ताकि आने वाले चुनावों में मजबूत विकल्प सामने आ सके। टिकैत के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में खासा अहम माना जा रहा है।
वहीं उमेश कुमार ने इस मुलाकात को पूरी तरह पारिवारिक करार दिया। उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत उनके पारिवारिक मित्र हैं और वे समय-समय पर उनसे मार्गदर्शन लेते रहते हैं। उमेश कुमार ने कहा कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आपसी संबंधों के तहत हुई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा होना स्वाभाविक है।
इस दौरान उमेश कुमार ने अवतार भड़ाना के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि अवतार भड़ाना चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है और जनता ही अंतिम फैसला करती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात आने वाले समय में नए समीकरणों की ओर इशारा कर सकती है। खासतौर पर किसान मुद्दों को लेकर प्रदेश की राजनीति में सक्रियता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, इस मुलाकात ने उत्तराखंड के राजनीतिक माहौल को जरूर गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इसके प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!