सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज का चमका सितारा, मजदूर के बेटे लवीश ने मेहनत से हासिल किया टॉप-5 में स्थान

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी बीच रुड़की के सत्ती मोहल्ला स्थित सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र लवीश लामियान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे उत्तराखंड में पांचवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि ने परिवार, स्कूल और शहर का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है।
लवीश एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनके माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। यही कारण है कि लवीश ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की।
लवीश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता की कुंजी है। उनके पिता ने बताया कि लवीश रोजाना कई घंटों तक पढ़ाई करता था और अक्सर रात 2 बजे तक जागकर मेहनत करता था।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रेखा रानी वर्मा ने लवीश की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि छात्रों के बेहतर परिणाम के लिए स्कूल में दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित की गई थीं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
स्कूल के शिक्षकों ने भी लवीश को शुरू से ही एक होनहार और मेहनती छात्र बताया। उनका कहना है कि लवीश पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर रहा और हर विषय में बेहतर प्रदर्शन करता रहा। उसकी लगन और मेहनत ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है।
लवीश की इस उपलब्धि के बाद उसे बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक दीपक कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. रेखा रानी वर्मा और अन्य शिक्षकों ने लविश को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर स्कूल में खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर इस सफलता का जश्न मनाया। लवीश की यह उपलब्धि उन सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!