हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग पर एचआरडीए की सख्त कार्रवाई, 15 बीघा क्षेत्र में निर्माण ध्वस्त

(ब्यौरा/दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। जनपद में अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़ोंवाली रोड स्थित रिंग रोड के पास करीब 15 बीघा भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जेसीबी मशीनों की सहायता से पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि वसीम कुरैशी द्वारा बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के बड़े स्तर पर प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। इस संबंध में प्राधिकरण को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि उक्त भूमि पर नियमों की अनदेखी कर प्लॉट काटकर बेचे जा रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें निर्माण कार्य पूरी तरह अवैध पाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को कड़ी चेतावनी दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन किया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। जेसीबी मशीनों से अवैध रूप से बनाए गए रास्तों, प्लॉटों के सीमांकन और अन्य निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणकर्ताओं में भी खलबली मच गई है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। उनका कहना है कि अवैध प्लॉटिंग के कारण कई लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं और बाद में उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस तरह की कार्रवाई बेहद जरूरी है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता और स्वीकृत मानचित्र की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या से बचा जा सके।
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका मीणा ने कहा कि जनपद में अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि गढ़ोंवाली रोड क्षेत्र में की गई कार्रवाई नियमों के तहत की गई है और आगे भी इसी प्रकार सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूमि को खरीदने से पहले उसकी वैधता और मानचित्र स्वीकृति की जांच अवश्य करें। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित हो सके।






