किशनपुर में 24 से 26 अप्रैल तक भव्य ‘उत्सव 2026’, 100 फीट तिरंगा और म्यूजिकल नाइट रहेंगे मुख्य आकर्षण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
किशनपुर/जमालपुर: पंचायती राज दिवस और स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम किशनपुर (जमालपुर) में इस वर्ष “उत्सव 2026” का भव्य आयोजन 24, 25 और 26 अप्रैल तक किया जाएगा। इस संबंध में एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद तहसीन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीनों दिन के सभी कार्यक्रम गांव के प्लेग्राउंड किशनपुर में आयोजित होंगे, जहां सांस्कृतिक, सामाजिक और मनोरंजन से जुड़े कई आकर्षक आयोजन किए जाएंगे।
मोहम्मद तहसीन ने बताया कि 24 अप्रैल को शाम के समय प्रदेश के पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक कार्यक्रम का लोकार्पण करेंगे, जिसके साथ ही उत्सव का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 25 अप्रैल को कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 26 अप्रैल को विशेष रूप से म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध सिंगर दीपा साहनी अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन करेंगी। इसके अलावा पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी, मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डिजिटल बोर्ड, आकर्षक झूले और फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को मनोरंजन का भरपूर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रहेगी कि पहली बार गांव में 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया जाएगा, जो देशभक्ति का संदेश देगा और मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा गांव को एक निशुल्क एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
देहरादून ग्राफिक एरा से रुड़की प्रेस वार्ता में पहुँचे डॉ कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल द्वारा एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ग्रामीणों की मुफ्त जांच की जाएगी और उन्हें आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल गांव के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
मोहम्मद तहसीन ने बताया कि इस आयोजन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों और वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग 400 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम गांव में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है और इसे ऐतिहासिक बनाने की पूरी तैयारी की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान मौलाना हाफिज मुमताज अहमद ने कहा कि यह आयोजन गांव में एकता और भाईचारे को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज में बढ़ती नफरत के बीच ऐसे कार्यक्रम लोगों को जोड़ने और आपसी प्रेम बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बीएसएम शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर ममतेश कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आयोजकों का कहना है कि यह तीन दिवसीय उत्सव न केवल गांव के लोगों के लिए, बल्कि बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए भी यादगार और प्रेरणादायक साबित होगा।






