2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुनीष सैनी का बड़ा बयान,कलियर में खिलेगा कमल का फूल,भाजपा की जीत तय

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

कलियर। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी और ओम यूनिवर्सिटी के चेयरमैन मुनीष सैनी ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कलियर की जनता विकास के मुद्दे पर मतदान करेगी और इस बार विधानसभा सीट पर कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि वह पिछले लगभग पांच वर्षों से लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर जनसंपर्क कर रहे हैं और विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
मुनीष सैनी ने हाल ही में आयोजित होली मिलन समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया है। उनके अनुसार यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित और लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। चाहे माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष या बूथ अध्यक्ष हो सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और संगठन के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। भाजपा का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” है और पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने और अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार है।
मुनीष सैनी ने कहा कि वह व्यक्तिवादी नहीं बल्कि राष्ट्रवादी सोच रखते हैं और उनका मन पूरी तरह भाजपा की विचारधारा के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो भी निर्णय शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व करेगा, उसे हर कार्यकर्ता को स्वीकार करना चाहिए। वह भी पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि मानते हैं और संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
मुनीष सैनी ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। रांगड़वाला से शुरू होकर दरियापुर होते हुए भगवानपुर हाईवे तक सड़क निर्माण की योजना मुख्यमंत्री से घोषित कराई गई है, जो जल्द ही पूरी होगी। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा कलियर विधानसभा क्षेत्र में पुलिया से पनियाला तक जलभराव की समस्या पिछले लंबे समय से चल रही थी जिसे गंभीरता से उठाया गया और उसका समाधान भी किया गया जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है ।
मुनीष सैनी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल वोट की राजनीति करते हैं और समाज को जाति और मत के आधार पर बांटने की कोशिश करते हैं, जबकि भाजपा विकास और सामाजिक एकता की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक भी यह स्वीकार कर चुके हैं कि नगर पंचायत कलियर की एक योजना के लिए भाजपा सरकार ने 40 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराती है।
उन्होंने कहा कि अब कलियर की जनता को तय करना है कि वह समाज को बांटने वाली राजनीति का समर्थन करेगी या विकास को प्राथमिकता देगी। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आज आम लोगों तक पहुंच रहा है। माताओं की पेंशन, वृद्धा पेंशन, किसान पेंशन, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर और बेटियों को कन्याधन योजना के तहत 51 हजार रुपये जैसी योजनाएं लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।
मुनीष सैनी ने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी और कलियर विधानसभा में भी कमल का फूल निश्चित खिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और विकास के आधार पर निर्णय लेने के लिए तैयार है। आने वाले 2027 चुनाव में कलियर विधानसभा में ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!