मंगेतर ने शादी का झांसा देकर, बहनोई ने ब्लैकमेल कर जिम में बनाए शारीरिक संबंध दोनों पर केस दर्ज

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की/पिरान कलियर।
पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने मंगेतर गुलरेज उर्फ विशाल  पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं, युवती का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो अपने एक बहनोई सारिक को भी दे दिया, जिसके बाद उसने जिम में बुलाकर युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पिरान कलियर थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि क्षेत्र के ही एक युवक गुलरेज उर्फ विशाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। युवती का आरोप है कि बाद में आरोपी ने यह वीडियो अपने साथी सारिक को दे दिया। इसके बाद सारिक ने भी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे लगातार धमकाते रहे और बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही। युवती के अनुसार जब उसने अपने मंगेतर से इस बारे में बात की तो उसने इसे घर का मामला बताकर किसी को न बताने के लिए दबाव बनाया। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से युवती काफी परेशान हो गई और एक समय तो उसने आत्महत्या करने का भी मन बना लिया था।
हालांकि जब युवती के परिजनों ने उसकी परेशानी का कारण पूछा तो उसने पूरी घटना उन्हें बता दी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक से शादी करने की बात कही, लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह किसी अन्य लड़की से शादी करेगा, जिस पर उसके परिवार वाले भी सहमत हैं।
युवती का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई लड़कियों को इसी तरह प्रेमजाल में फंसाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बना चुका है। जब कोई लड़की पुलिस में शिकायत करने की बात करती थी तो वह पैसे का लालच देकर उन्हें चुप करा देता था। युवती का कहना है कि आरोपी उसे भी पैसे देकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसने अपने परिजनों को पूरी सच्चाई बताकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता गांव के ही एक युवक से तय किया था। युवक अपने परिजनों के साथ उनके घर आया था और लड़की का रोका भी किया गया था। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। इसी दौरान युवक ने युवती को ब्लैकमेल कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अपने साथी से भी धमकाकर संबंध बनवाए।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर गुलरेज उर्फ विशाल और सारिक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पीड़िता के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी युवक किसी लड़की की जिंदगी के साथ इस तरह खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।पीड़िता के परिजनों ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने पर कलियर थाना पुलिस की सराहना की है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!