अवैध खनन मामले में बड़ी कार्रवाई: इकबालपुर चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध खनन के मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इकबालपुर चौकी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद एक रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें कथित तौर पर पुलिसकर्मी और खनन माफिया के बीच बातचीत की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया जांच में चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसएसपी हरिद्वार ने कड़ा रुख अपनाते हुए चौकी प्रभारी सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि इकबालपुर चौकी क्षेत्र, थाना झबरेड़ा के अंतर्गत अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की गई। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा दी गई शिकायत और एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें खनन माफिया से बातचीत का जिक्र है। मामले में चौकी प्रभारी की संभावित मिलीभगत का संदेह होने पर एसएसपी ने पूरी चौकी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुचित कार्यों या अवैध गतिविधियों में किसी भी प्रकार की संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए मामले की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक देहात (ग्रामीण) को सौंपी गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन और उसमें किसी भी स्तर पर मिलीभगत को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।






