श्री दुर्गा चौक मंदिर समिति का सराहनीय कार्य मंदिर समिति ने कराई दो कन्याओं की शादी, लोगों ने दी शुभकामनाएं

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। नगर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री दुर्गा चौक मंदिर समिति, रुड़की द्वारा दो जरूरतमंद कन्याओं का विवाह बड़े ही सादगीपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया तथा मंदिर समिति द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना की।
विवाह समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि श्री दुर्गा चौक मंदिर समिति लंबे समय से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर समाज के सामने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। समिति के पदाधिकारी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, जिससे समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने मंदिर समिति के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि कन्यादान को भारतीय संस्कृति में सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि समिति न केवल विवाह का आयोजन करती है बल्कि बारात के स्वागत, भोजन व्यवस्था और विवाह से संबंधित आवश्यक सामान भी वर-वधू को उपलब्ध कराती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और उनकी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो पाता है।
भाजपा युवा नेता इंजीनियर चैरब जैन तथा समाजसेविका पूजा गुप्ता ने भी इस अवसर पर नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति द्वारा समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
विवाह की सभी धार्मिक रस्में पंडित रोहित शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न कराई गईं। पूरे समारोह के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें अनिल अग्रवाल, प्रधान अशोक वर्मा, सत्येंद्र पाल, संजय भगत, सोनी रोड, सुमित कुमार अग्रवाल, अंशु सिंघल, मोनिका, अनीता गुप्ता, ममता वर्मा, रूबी, निधि त्यागी, सुमित कुमार, अंजलि, रोहित कुमार और रुमकेश सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके और समाज में सेवा तथा मानवता की भावना मजबूत हो






