रुड़की में मंदिर पर पेड़ गिरने से मची अफरा तफरी, मंदिर की दीवार और मकान की छत हुई क्षतिग्रस्त

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। पनियाला रोड स्थित एक मंदिर परिसर में सोमवार शाम अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए पेड़ को काटकर रास्ते से हटाया। घटना में मंदिर की दीवार और पास के एक मकान की छत को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर स्टेशन रुड़की को यह सूचना सोमवार शाम लगभग 5 बजकर 12 मिनट पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। घटनास्थल पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में स्थित मंदिर परिसर था, जहां एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया था। पेड़ गिरने से मंदिर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पास ही बने एक मकान की छत का कुछ हिस्सा भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर पहुंची फायर यूनिट ने स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने वुडन कटर की सहायता से गिरे हुए पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा और उन्हें सुरक्षित तरीके से किनारे हटाया। फायरकर्मियों की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी गई।
इस दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए राहत कार्य में सहयोग करती रही। फायर यूनिट की टीम ने पूरी सावधानी के साथ पेड़ को हटाने का कार्य पूरा किया ताकि आसपास मौजूद लोगों और मकानों को कोई और नुकसान न हो।
घटना के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर फायर विभाग ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम रुड़की को भी दे दी। स्थानीय लोगों और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और कम समय में मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की सराहना की। उपस्थित संभ्रांत व्यक्तियों और जनसामान्य ने फायर यूनिट के बेहतर रिस्पांस टाइम और कार्यशैली की खुले दिल से प्रशंसा की।
घटनास्थल पर पहुंची फायर टीम में लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार, फायरमैन शंकर कुमार और फायरमैन रविंद्र सिंह शामिल रहे। इन सभी ने मिलकर पूरी सावधानी और तत्परता के साथ पेड़ को हटाने का कार्य संपन्न कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो पेड़ के कारण और अधिक नुकसान हो सकता था। फायर विभाग की मुस्तैदी से बड़ी घटना टल गई और क्षेत्र में स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!