सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से बचकर भविष्य निर्माण पर ध्यान दें युवा : एसएसपी नवनीत सिंह

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

धनौरी। हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का सोमवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह रहे। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से बचते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के समय में युवाओं का बड़ा हिस्सा फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक समय व्यतीत कर रहा है, जिससे उनका कीमती समय नष्ट होता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान और सकारात्मक कार्यों के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसके अत्यधिक उपयोग और लत से बचना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से कई प्रकार के अपराध भी सामने आ रहे हैं, इसलिए विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि समाज में बढ़ते नशे के खिलाफ भी सभी को जागरूक होना होगा और पुलिस प्रशासन का सहयोग करना होगा। यदि किसी क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा सही दिशा में अपने लक्ष्य पर ध्यान दें तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इससे पहले महाविद्यालय पहुंचने पर कॉलेज प्रबंधन की ओर से डॉ. हर्ष सैनी और डॉ. आदित्य सैनी ने मुख्य अतिथि एसएसपी नवनीत सिंह का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान महिला दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश योगी ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी, सह संयोजक डॉ. निशा रानी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपमाला कौशिक, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. मीना नेगी, संध्या त्यागी, डॉ. रिमझिम पुंडीर, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. ज्योति जोशी, डॉ. राहुल देव, डॉ. छवि त्यागी, डॉ. अंजू शर्मा, आयुषी सिंह, अमित कुमार, अंकेश चौहान सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ समारोह का समापन किया गया

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!