February 28, 2026

भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न, संगठन सशक्तिकरण पर जोर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की।पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा, जनसेवा के मूल सिद्धांतों तथा आगामी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित “अंत्योदय” की भावना आज भी भारतीय राजनीति की आधारशिला है। उनका मानना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही सच्ची राजनीति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता होता है। यदि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी स्वतः ही सफलता के शिखर पर पहुंचेगी।
इस अवसर पर रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनसेवा ही भाजपा की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनके समाधान के लिए तत्पर रहना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने नगर विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक जनसंपर्क बढ़ाने की प्रेरणा दी।
प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री सागर गोयल एवं ज़िला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यशाला में संगठन विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका, बूथ स्तर की सक्रियता तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशालाएँ संगठन की रीढ़ हैं। इनसे कार्यकर्ताओं को विचारधारा, अनुशासन और जनसेवा के मूल मंत्र मिलते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाकर सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा लक्ष्य है। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक समय में डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और संगठन की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अंत में कार्यशाला राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के आह्वान और संगठनात्मक एकता के संदेश के साथ सम्पन्न हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!