खानपुर विधानसभा में सियासी घमासान: सर्व समाज खुलकर आया विधायक उमेश कुमार के समर्थन में

(ब्योरो दिलशाद खान । KNEWS18)
रुड़की। खानपुर विधानसभा में चल रहे विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच विवाद अब सड़क से निकलकर मीडिया तक पहुंच गया है। लगातार तेज होती जुबानी जंग और सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप के बीच आज सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक उमेश कुमार के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया।
प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि विधायक उमेश कुमार के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। उनका कहना था कि उमेश कुमार किसी एक समाज के नहीं, बल्कि 36 बिरादरी के जनप्रिय विधायक हैं, जो सर्व समाज के साथ भाईचारे और विकास की राजनीति करते आए हैं। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
सर्व समाज के लोगों ने स्पष्ट किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य किसी की बुराई करना नहीं, बल्कि विधायक के जनसेवा कार्यों और सकारात्मक पहलुओं को सामने लाना है। सख्त लहजे में कहा गया कि यदि विरोधियों को अपनी ताकत पर भरोसा है तो वे बुलेट नहीं, बैलेट से मुकाबला करें। जनता ही तय करेगी कि किसकी लोकप्रियता कितनी है।
इधर दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। इस विवाद में विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा भी पूर्व विधायक पर तीखा प्रहार करती नजर आईं। वहीं, पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बयानों में कांग्रेस और भाजपा के कई बड़े नेताओं के नाम आने से सियासी हलचल और बढ़ गई है।
जहां एक ओर कुछ वर्गों द्वारा 36 बिरादरी का मेला लगाने जैसी चेतावनियां सोशल मीडिया पर दी जा रही हैं, वहीं सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने दोनों नेताओं को नसीहत दी कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है—जो जीते वह विकास पर ध्यान दे और जो हारे वह आगामी चुनाव की तैयारी करे।
सर्व समाज ने यह भी अपील की कि बाहरी लोग व्यक्तिगत बयानों पर प्रतिक्रिया देकर क्षेत्र का माहौल खराब न करें। शासन-प्रशासन से मांग की गई कि माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का टकराव न हो और विकास की राजनीति आगे बढ़े।
उमेश समर्थक बच्चन सिंह ने कहा कि खानपुर की जनता शांति और विकास चाहती है, न कि आपसी टकराव। उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाकर क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सभी समाजों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। एडवोकेट अब्दुल समी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी से बचना चाहिए और विवादों का समाधान संवाद से होना चाहिए।






