हरिद्वार में 21 किमी पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, 21 स्टेशन विकसित होंगे, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

(दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार 27 फरवरी 2026। जनपद हरिद्वार में प्रस्तावित 21 किलोमीटर लंबी मेट्रो पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सचिव, आवास आर. राजेश कुमार ने शहर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना की रूपरेखा, भूमि आवश्यकता, प्रस्तावित स्टेशनों तथा यातायात सुधार से जुड़े पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बृजेश कुमार मिश्रा ने अवगत कराया कि परियोजना की कुल लंबाई 20.74 किलोमीटर है, जिसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 15 फरवरी 2023 को उत्तराखण्ड सरकार के मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना के लिए कुल 4.8743 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें 0.8949 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 0.038 हेक्टेयर रेलवे भूमि शामिल है।
अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के लागू होने से हरिद्वार शहर में लंबे समय से बनी यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय सुधार होगा। पॉड टैक्सी प्रणाली ऑन-डिमांड, चालक-रहित एवं पूर्णतः स्वचालित होगी। यह इलेक्ट्रिक आधारित परिवहन प्रणाली होने के कारण पर्यावरण के अनुकूल है और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में सहायक होगी। नियंत्रित गाइडवे पर संचालन के कारण इसकी सुरक्षा व्यवस्था भी उच्च स्तर की रहेगी तथा इसे संचालित करने के लिए अपेक्षाकृत कम भूमि की आवश्यकता होगी।
निरीक्षण के दौरान भारत माता मंदिर से परियोजना के संभावित रूट का अवलोकन किया गया, जो शांतिकुंज, मोतीचूर, खड़खड़ी भीमगोड़ा होते हुए ललतारों ब्रिज तक प्रस्तावित है। इस दौरान प्रस्तावित स्टेशन, पार्किंग स्थल और आवश्यक भूमि की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद वाल्मीकि चौक, मनसा देवी रोपवे गेट, अपर रोड से होते हुए हर की पौड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। हर की पौड़ी स्टेशन पर विशेष समीक्षा की गई।
दीन दयाल पार्किंग स्थल पर प्रस्तावित इंटीग्रेटेड रोपवे (माँ चंडी देवी एवं मनसा देवी मंदिर) के लोअर टर्मिनल का भी सर्वेक्षण किया गया तथा पॉड टैक्सी और रोपवे के बीच बेहतर समन्वय को लेकर अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। इसके उपरांत हर की पौड़ी से ललतारों ब्रिज, वाल्मीकि चौक होते हुए ऋषिकुल एवं सीतापुर क्षेत्र तक चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया गया, जहां स्टेशन एवं पार्किंग/डीपो बनाए जाने की योजना है।
सचिव आवास आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि हरिद्वार में प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना हेतु आवश्यक राजकीय भूमि के हस्तांतरण और अधिग्रहण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से शुरू हो सके।
निरीक्षण के दौरान उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक वित्त संजीव मेहता, संयुक्त महाप्रबंधक (एचआर) कृष्णानंद शर्मा, संयुक्त महाप्रबंधक (सिविल) जयनंदन सिंहा, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजयबीर सिंह नेगी, सेक्शन इंजीनियर सौरभ पटवाल, सर्वेयर हरिओम सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जो तीर्थनगरी को आधुनिक और स्मार्ट परिवहन प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती






