मालवीय चौक के निकट सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़, फायर यूनिट रुड़की ने तत्काल कार्रवाई कर खोला मार्ग

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
फायर स्टेशन रुड़की, जनपद हरिद्वार को आज दिनांक 27/02/26 को दोपहर लगभग 12:50 बजे सूचना प्राप्त हुई कि मालवीय चौक के निकट गणेशपुर, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र की मुख्य सड़क पर एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके के लिए प्रस्थान किया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि सड़क के बीचों-बीच एक बड़ा पेड़ गिरा हुआ है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। टीम ने वुडन कटर (लकड़ी काटने वाली मशीन) की सहायता से गिरे हुए पेड़ को टुकड़ों में काटना शुरू किया। कड़ी मेहनत और समन्वित प्रयासों के बाद पेड़ को छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित कर सड़क किनारे सुरक्षित रूप से हटा दिया गया।
लगभग कुछ ही समय में बाधित सड़क मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात के लिए खोल दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पेड़ गिरने के समय आसपास कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना पर नगर निगम का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया था और फायर यूनिट के साथ समन्वय बनाते हुए सड़क को सुचारु रूप से चालू कराने में सहयोग किया। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने फायर यूनिट रुड़की की तत्परता और बेहतर रिस्पांस टाइम की खुलकर सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई न होती तो यातायात लंबे समय तक बाधित रहता और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती।इस कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्य थे—लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार, चालक नरेंद्र सिंह तोमर, फायरमैन हरिश्चंद्र राणा एवं फायरमैन शंकर कुमार। सभी ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए तेजी और दक्षता का परिचय दिया।फायर स्टेशन रुड़की की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ कि आपात परिस्थितियों में विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा के लिए तैयार रहती है।






