February 27, 2026

रुड़की में होली और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली परिसर में होली और ईद-उल-फितर के पावन अवसर को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि रुड़की नगर और इसका आसपास का क्षेत्र केवल जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में शांति व्यवस्था और भाईचारे की मिसाल माना जाता है। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी के रूप में यह उनका दूसरा अवसर है जब वे होली और ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्वों पर यहां सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यहां के शिक्षित और प्रबुद्ध नागरिक आपसी प्रेम, सद्भाव और समझदारी के साथ एक-दूसरे के त्योहार मनाते हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।एसपी देहात ने विशेष रूप से होली के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि रंगों के इस त्योहार पर कुछ असामाजिक तत्व भावनाएं भड़काने का प्रयास करते हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक या गलत सूचनाएं फैलाते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को सजग रहने और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी संदिग्ध संदेश या पोस्ट सामने आती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि रुड़की के लोग छोटी-मोटी समस्याओं को आपसी संवाद से सुलझा लेते हैं, जो शहर की सबसे बड़ी ताकत है।
सीओ रुड़की नताशा सिंह ने कहा कि उन्होंने रुड़की के बारे में पहले जो सकारात्मक बातें सुनी थीं, यहां आकर वे बिल्कुल वैसी ही देखने को मिलीं। उन्होंने कहा कि यहां सभी समुदायों के लोग प्रेम, एकता और भाईचारे के साथ एक-दूसरे के पर्व मनाते हैं। यह “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
रुड़की में पदभार ग्रहण करने के बाद सीओ नताशा सिंह का विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और अभिनंदन भी किया गया। बैठक में कोतवाल गंगनहर प्रभारी मणि भूषण श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट, धर्मेंद्र राठी, सब-इंस्पेक्टर आनंद मेहरा, इंस्पेक्टर भोजराम चौहान, ईश्वरलाल शास्त्री, रुड़की व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप, अफजल मंगलौरी, भारत रक्षा मंच की अध्यक्ष रश्मि चौधरी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम, वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी धीर सिंह, युवा भाजपा नेता सौरभ सिंघल, सरदार अनूप सिंह बेदी, प्रधान अमरपाल सिंह, आबिद प्रधान, नदीम प्रधान, साहिल पार्षद, मयंक कुमार और सलमान फरीदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अफजल मंगलौरी ने किया।बैठक के अंत में सभी ने मिलकर होली और ईद को आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!