मंगलौर में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: शराब पार्टी के बाद पैसों के लालच में दोस्त की हत्या

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में नहर पटरी पीर के पास हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई 20 हजार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना कोतवाली मंगलौर पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव के सिर पर गहरे घाव थे और पत्थर से कुचलने के निशान स्पष्ट थे। जांच में मृतक की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर मु0अ0स0-110/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल के आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच में पता चला कि घटना वाले दिन सुबह मृतक एक अज्ञात युवक के साथ मोटरसाइकिल से घटनास्थल की ओर गया था।
संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने देवबंद तिराहे के पास हुलिए के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की पहचान विनायक त्यागी (26 वर्ष) निवासी बरला थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर, हाल पता सराय ज्वालापुर के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 17 फरवरी को वह घर जाने के लिए रुड़की में इंतजार कर रहा था। शराब पीने की इच्छा होने पर वह बस अड्डे के पास देशी शराब के ठेके पर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात मृतक प्रदीप से हुई। ठेका बंद होने पर दोनों रामपुर चुंगी स्थित ठेके से शराब खरीदकर नहर पटरी स्थित बाग में पहुंचे और साथ बैठकर शराब पीने लगे।
इसी दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास नकदी है। पैसों की तंगी और लालच में आकर आरोपी ने नशे में धुत प्रदीप का गला दबाया और पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह जेब से 20 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी जैकेट, हत्या में प्रयुक्त पत्थर और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से ब्लाइंड मर्डर का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।






