February 23, 2026

एक साल में बदली झबरेड़ा की तस्वीर: राजनीतिक बयानबाजी पर चेयरमैन किरण चौधरी का जवाब—जनता को मिल रहा है काम का परिणाम

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

झबरेड़ा। झबरेड़ा नगर पंचायत की चेयरमैन किरण चौधरी ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर कस्बेवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जिताकर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए जिम्मेदारी और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के समग्र विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता पहले से अधिक मजबूत हुई है।

पूर्व नगर पंचायत चैयरमेन और वर्तमान चैयरमेन के कार्यकाल के कार्यो में क्या अंतर है इस सवाल पर चैयरमेन किरण चौधरी ने बड़ी बेबाकी के साथ कहा की, “पूर्व कार्यकाल में योजनाएं प्रस्तावित रहीं, जबकि हमने एक वर्ष में उन्हें धरातल पर उतारकर पूरा किया है हमारा फोकस सिर्फ घोषणाओं पर नहीं, बल्कि परिणाम देने और जनता को सीधा लाभ पहुंचाने पर है।”चेयरमैन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई। कई गलियों और मुख्य मार्गों का निर्माण व मरम्मत कराई गई, जिससे आवागमन सुगम हुआ। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया।
उन्होंने कहा कि नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर हुई। साथ ही ठेला-फेरी वेंडरों के लाइसेंस बनवाकर उन्हें कानूनी पहचान दी गई। इससे जहां एक ओर व्यवस्था सुदृढ़ हुई, वहीं छोटे व्यापारियों को भी राहत मिली।
स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर पंचायत की ओर से गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। चेयरमैन के अनुसार, यह सेवा जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में सहायक है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी झबरेड़ा ने नई पहल की है। किरण चौधरी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत की गई है, जिससे बच्चों को डिजिटल माध्यम से आधुनिक शिक्षा मिल रही है। उनका दावा है कि यह पहल उत्तराखंड की नगर पंचायतों में एक मिसाल बनेगी और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करेगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए चेयरमैन ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई सेंटर खोले जा रहे हैं। साथ ही कढ़ाई-बुनाई का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाएं घर बैठे आय अर्जित कर सकें।
पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि विकास कार्य उनके कार्यकाल के प्रस्ताव हैं, किरण चौधरी ने कहा कि वर्तमान में चेयरमैन और विधायक एक ही दल से हैं और मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव किसी का भी रहा हो, लेकिन जनता को परिणाम वर्तमान नेतृत्व के प्रयासों से मिल रहे हैं। हालांकि उन्होंने देशराज कर्णवाल के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इसे राजनीतिक बयानबाजी बताया।
गन्ना कोल्हू की शिकायतों पर चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जाती है। अंत में उन्होंने कहा कि अभी चार वर्ष का कार्यकाल शेष है और अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना, साथ ही नई योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!