February 21, 2026

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, बोले— दिव्य और भव्य होगा कुंभ

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में उच्च स्तरीय बैठक कर वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक होगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने अक्टूबर माह तक सभी प्रमुख कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्थायी कार्यों को स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि अस्थायी कार्यों के प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जोन और सेक्टर स्तर पर चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। परिवहन और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने, वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित करने तथा संभावित भीड़ को देखते हुए स्नान, आवागमन और ठहराव की विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया। महिला एवं वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए और इसमें स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग भी लिया जाए। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए बोट और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, साइबर सुरक्षा, अग्निशमन और रेस्क्यू टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुंभ क्षेत्र में निर्मित पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने और आवश्यकता अनुसार मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया। गंगा घाटों के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा रेलिंग और फिसलन-रोधी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने भूमि प्रबंधन एवं आवंटन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग मेलाधिकारी स्तर से करने और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए साधु-संतों, अखाड़ों, जनप्रतिनिधियों और धार्मिक संगठनों का सहयोग लेकर उनके सुझावों को अमल में लाया जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी अपने सुझाव दिए। मेलाधिकारी सोनिका ने अब तक स्वीकृत कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। सोनिका मीणा ने कहा कि कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तय समयसीमा में तेजी से की जा रही हैं। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित हो। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!