February 21, 2026

भगवानपुर के टकाबरी गाँव के रविदास मंदिर हत्याकांड में एसआईटी गठित, एसपी देहात करेंगे नेतृत्व

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर। कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टकाबरी स्थित रविदास आश्रम में महंत की गुमशुदगी और बाद में हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नवनीत सिंह ने छह सदस्यीय विशेष जांच दल (S.I.T.) के गठन के आदेश जारी किए हैं। यह एसआईटी मामले के हर पहलू की गहनता से जांच करेगी, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
पुलिस के अनुसार महंत की गुमशुदगी का मामला क्रमांक 02/2026 के तहत दर्ज किया गया था। बाद में शव बरामद होने पर मुकदमा अपराध संख्या 85/26 में धारा 103(1), 238, 61(2) बी.एन.एस. के अंतर्गत तरमीम किया गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक दंपति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस का मानना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच आवश्यक है, इसी कारण एसआईटी का गठन किया गया है।
एसआईटी का नेतृत्व एसपी देहात शेखर चंद सुयाल करेंगे। उनके नेतृत्व में सीओ से लेकर सिपाही रैंक तक कुल छह सदस्यों की टीम बनाई गई है। टीम में सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, निरीक्षक राजीव रौथांण, उप निरीक्षक नीरज रावत, उप निरीक्षक बालाराम जोशी, आरक्षी संजय पंवार और आरक्षी उवैदुल्ला शामिल हैं। यह टीम साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण, तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, घटनास्थल की पुनर्समीक्षा और संभावित अन्य संदिग्धों से पूछताछ जैसे बिंदुओं पर काम करेगी।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि इस संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित होगी। यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविदास आश्रम में हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि एसआईटी की जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और एसआईटी ने काम शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!