February 19, 2026

रुड़की के बीटी गंज में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा आयोजित, विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को दी आधुनिक तकनीक की जानकारी

(ब्योरो दिलशाद खान। KNEWS18)

रुड़की के बीटी गंज क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर पखवाड़ा बड़े उत्साह और जनजागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की उपयोगिता, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक से मिलने वाले लाभों से अवगत कराना था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर पारंपरिक मीटरों की तुलना में अधिक सटीक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी हैं, जिससे बिजली खपत की सही जानकारी समय पर उपलब्ध होती है और बिलिंग संबंधी विवादों में कमी आती है।
इस अवसर पर हरिद्वार जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने कहा कि पिछले एक वर्ष से पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। अब तक राज्यभर में लगभग चार लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग किसी भी उपभोक्ता के यहां जबरदस्ती स्मार्ट मीटर नहीं लगा रहा है, बल्कि जो उपभोक्ता स्वयं आवेदन कर रहे हैं, उन्हीं के यहां मीटर लगाए जा रहे हैं।
मुख्य अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर में सिम कार्ड आधारित प्रणाली होती है, जिससे उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। उपभोक्ता एप डाउनलोड कर बिल का भुगतान भी सीधे कर सकते हैं। यदि किसी का बिल अधिक आता है तो संबंधित विभाग से संपर्क कर उसका समाधान कराया जा सकता है। यह व्यवस्था गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के लिए भी लाभदायक साबित होगी।
अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने जानकारी दी कि क्षेत्र में अब तक लगभग 18 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। कुछ स्थानों पर बिल बढ़ने की शिकायतें मिली हैं, जिनकी जांच पूर्व मीटर रीडिंग के आधार पर की जा रही है और उचित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे यह अभियान आगे बढ़ेगा, लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और समस्याएं स्वतः कम होंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। किसान यूनियन से वार्ता कर उन्हें नई तकनीक के बारे में समझाया गया है। अन्य शहरों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली से बिजली चोरी पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा।अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था है। इससे बिजली खपत की सटीक जानकारी मोबाइल एप पर मिलती है और ऑनलाइन भुगतान आसान होता है। उन्होंने कहा कि विभाग शिकायतों के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता अनूप कुमार, उपखंड अधिकारी अश्वनी कुमार, आकाश सिंह तथा जीनियस कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर अपनाकर एक पारदर्शी, सशक्त और तकनीक आधारित उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!