February 17, 2026

कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने किया ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

(हरिद्वार, 17 फरवरी 2026)
आगामी कुंभ मेला 2027 को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। मेला क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार सुबह-सवेरे कुंभ नगरी के बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैरागी कैंप क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के लिए निर्धारित शिविर स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि का समुचित समतलीकरण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि समय रहते शिविर निर्माण शुरू किया जा सके। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, जिससे मेले के दौरान यातायात दबाव को नियंत्रित रखा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की विस्तृत और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
दक्षद्वीप क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान घाटों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मेलाधिकारी ने घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों की नियमित सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तकनीकी या संरचनात्मक कमी को तत्काल दूर किया जाना चाहिए।
सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण समय पर पूरा किया जाए। दक्षद्वीप पार्किंग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना पर भी विशेष जोर दिया गया, जिससे मेले के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारु रह सके। कनखल क्षेत्र से वाहनों के निकास के लिए वैकल्पिक मार्ग और पुलों की संभावनाओं पर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा मौजूदा पुलों की सुरक्षा जांच और नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वित कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र के लिए आरक्षित भूमि को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि प्रशासन की प्रतिबद्धता है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। इस निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक विनोद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!