February 17, 2026

सेलाकुई में जन अधिकार पार्टी (ज) का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर उठाए गंभीर सवाल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

सेलाकुई में जन अधिकार पार्टी (ज) का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर उठाए गंभीर सवाल
सेलाकुई/देहरादून। जिला देहरादून की विधानसभा सहसपुर अंतर्गत नगर पंचायत सेलाकुई में मंगलवार को जन अधिकार पार्टी (ज) द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च मानसिक चिकित्सालय से प्रारंभ होकर चौधरी फार्म तक पहुंचा, जहां सभा के रूप में इसका समापन हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था और चरम पर पहुंच चुके भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई थी। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। उनका कहना था कि हत्या, लूट, चोरी और महिला अपराध जैसी घटनाओं में वृद्धि से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन उन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन पर राजनीतिक दबाव के कारण निष्पक्ष कार्रवाई बाधित हो रही है। “जब तक अपराधियों पर सख्ती नहीं होगी और जवाबदेही तय नहीं की जाएगी, तब तक कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकती,” उन्होंने कहा।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी आजाद अली ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा, जबकि बीच में ही संसाधनों की बंदरबांट हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जवाबदेही से बचते नजर आ रहे हैं, जिससे जनता का विश्वास डगमगा रहा है।
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो जन अधिकार पार्टी (ज) प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन व्यापक स्तर पर जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। साथ ही जनहित के मुद्दों पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने सरकार से जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रशासन में पारदर्शिता लागू करने की मांग की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन पार्टी ने संकेत दे दिए हैं कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!