February 17, 2026

भगवानपुर: महंत बृजेश दास हत्याकांड का पर्दाफाश, सबूत जलाकर मिटाने की कोशिश नाकाम , दंपत्ति समेत तीन गिरफ्तार

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अपनी पहली बड़ी कार्रवाई में गुमशुदगी के मामले को हत्या के रूप में उजागर करते हुए दंपत्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी से जुड़ा है। 10 फरवरी 2026 को श्याम सिंह ने कोतवाली भगवानपुर में प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि रविदास आश्रम में निवासरत महंत बृजेश दास 5 फरवरी0 2026 से लापता हैं। इस सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना भगवानपुर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता से पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले कि महंत बृजेश दास की आखिरी बातचीत बागपत निवासी एक महिला से हुई थी, जिससे उन.का पूर्व परिचय था। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस टीम महिला और उसके पति तक पहुंची।
कड़ाई से पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस के अनुसार महिला ने बताया कि महंत का उनके घर आना-जाना था। महिला ने आरोप लगाया कि महंत द्वारा मानसिक और वित्तीय दबाव बनाया जा रहा था। इसी से परेशान होकर 5 फरवरी को महिला ने महंत को अपने घर बुलाया। पहले से बनाई गई योजना के तहत महिला के पति संजीव ने कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी संजीव ने अपने भाई जोगेंद्र की मदद से शव और मृतक की मोटरसाइकिल को कृष्णा नदी में बहा दिया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन, बिस्तर, चादर, गद्दा और कुछ कपड़ों को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी किनारे से महंत का शव बरामद किया। साथ ही भूसे के ढेर में छिपाई गई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोबाइल के अधजले पार्ट्स, बैटरी और जले हुए कपड़ों की राख भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में संजीव पुत्र स्वर्गीय रामपाल निवासी ग्राम गांगनौली थाना दोघट जिला बागपत (उत्तर प्रदेश), उसकी पत्नी तथा जोगेंद्र पुत्र स्वर्गीय रामपाल वर्तमान निवासी सोनीपत हरियाणा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरे खुलासे को थाना भगवानपुर की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। जनपद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों ने मामले के शीघ्र खुलासे पर संतोष जताया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!