भाजपा युवा मोर्चा द्वारा स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन, युवाओं में जागी देशभक्ति और आत्मनिर्भरता का संकल्प

(ब्योरो रिपोर्ट/ दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा स्वदेशी संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। यह दौड़ युवाओं में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, उन्हें नमन और श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों, आदर्शों और उनके जीवन संघर्ष को याद करते हुए कहा कि वे भारतीय युवाओं के लिए सदा प्रेरणास्रोत रहेंगे।
दौड़ की शुरुआत रुड़की नगर निगम के मुख्य द्वार से की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिभोर सेठी ने किया, जबकि शुभारंभ भाजपा प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह और विधायक प्रदीप बत्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी उत्पाद न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, उद्योगों और छोटे उद्यमियों के जीवन में नई ऊर्जा भरते हैं।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को उठने, जागने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया था। आज आवश्यकता है कि युवा उनके इन प्रेरणादायक विचारों को जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। यदि युवा ऊर्जा सही दिशा में लगे, तो देश हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बिभोर सेठी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसे अभियानों को सफल बनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इन अभियानों में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को आदत बनाने, विदेशी वस्तुओं पर अनावश्यक निर्भरता कम करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभा शरण प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सागर गोयल, मंडल अध्यक्ष अवनीश शर्मा, सुमित अग्रवाल, कुणाल गर्ग, गौरव त्यागी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे। स्वदेशी संकल्प दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लेकर युवाओं ने देशभक्ति, स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
अक्षय प्रताप सिंह ने युवाओं को स्वदेशी अपनाने और कौशल विकास का संदेश दिया
राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ में जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के विकास में युवा शक्ति सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का अनुसरण करने, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। अक्षय प्रताप सिंह ने युवाओं से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने, ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सफल बनाने और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर ही युवा राष्ट्र निर्माण में सार्थक भूमिका निभा सकते हैं।

