देहरादून प्रदेश मुख्यालय में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन, रविंद्र (बेबी) खन्ना, शिवम खन्ना और सुबोध चौधरी ने भाजपा की सदस्यता ली

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को एक बड़ी राजनीतिक मजबूती तब मिली, जब देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान रविंद्र (बेबी) खन्ना, उनके सुपुत्र शिवम खन्ना, सुबोध चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की विचारधारा से प्रेरित होकर पार्टी जॉइन की।

कार्यक्रम में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों से अत्यंत प्रभावित हैं। युवाओं, महिलाओं और सामान्य नागरिकों के हित में लिए गए निर्णयों ने जनता के बीच सरकार के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। उनका कहना था कि आज रुड़की ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का नागरिक “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ भाजपा के साथ खड़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में जुड़ना सिर्फ सदस्यता लेना नहीं, बल्कि उत्तराखंड के सुनहरे भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा जमीनी स्तर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी के प्रभारी आदित्य चौहान, जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विभोर सेठी, पूर्व चेयरमैन दिनेश कौशिक सहित पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी लोगों का पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
समारोह के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने “विकसित रुड़की – विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। पार्टी नेतृत्व ने आशा व्यक्त की कि संगठनात्मक विस्तार के साथ भाजपा आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।

