January 28, 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर देहरादून में महिला कांग्रेस का आक्रोश, विधानसभा अध्यक्ष के आवास का घेराव

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

देहरादून, 29 दिसम्बर। अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी के नाम का खुलासा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम के रूप में होने के बाद उत्तराखण्ड की सियासत में उबाल आ गया है। इसी कड़ी में उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महिला विभाग की ओर से राजधानी देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव किया और सड़क पर सांकेतिक विधानसभा लगाकर सरकार व भाजपा नेतृत्व से तीखे सवाल पूछे।
सांकेतिक विधानसभा के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रतीक स्वरूप प्रदेश महिला उपाध्यक्ष श्रीमती आशा मनोरमा शर्मा को पदासीन किया और उनसे सवाल-जवाब की कार्यवाही की। इस दौरान ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी जैसा जघन्य हत्याकांड पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है, लेकिन इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और पार्टी की महिला प्रवक्ताओं की चुप्पी बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला प्रदेश की बेटी की अस्मिता से जुड़ा है, तब भाजपा की महिला नेत्रियां आखिर मौन क्यों हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हत्याकांड से जुड़े सबूत मिटाने की आरोपी बताई जा रही विधायक रेणु बिष्ट की विधानसभा सदस्यता अब तक समाप्त नहीं की गई है, जो भाजपा की कथनी और करनी में फर्क को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात करती है, तो उसे नैतिकता के आधार पर दुष्यंत गौतम से तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
ज्योति रौतेला ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान उत्तराखण्ड में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आई, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के कारण अधिकांश मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने इसे उत्तराखण्ड राज्य की अस्मिता पर सीधा हमला बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि टीवी चैनलों पर धार्मिक और राजनीतिक बहसों में जोर-शोर से बोलने वाली भाजपा की महिला प्रवक्ताएं इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि भाजपा नेत्रियों को न तो राज्य की बेटियों की पीड़ा से कोई सरोकार है और न ही अपनी पार्टी में बैठे कुकर्मी नेताओं की जवाबदेही की चिंता।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी से अपील करते हुए कहा कि वह एक महिला होने के नाते इस पीड़ा को समझें और अंकिता भंडारी हत्याकांड के सबूत मिटाने की आरोपी विधायक रेणु बिष्ट की विधानसभा सदस्यता तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी।
इस घेराव और प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, चन्द्रकला नेगी, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, अनुराधा तिवाड़ी, महासचिव निधि नेगी, पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अंशुल त्यागी, शिवानी मिश्रा, अमृता कौशल, नीरू सिंह, दीपा चौहान, देवेन्द्र कौर, आयुष गुप्ता, गौरव रावत, रितेश क्षेत्री, अभिषेक डोबरियाल सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!