एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार, 13 मार्च 2026।जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारियों के साथ एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी से जनपद में गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में कुल 42 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इसके चलते ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है और कई उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर जाकर बुकिंग करानी पड़ रही है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अनियमित वितरण की शिकायत नहीं आनी चाहिए। यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधि सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारी समय-समय पर एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गैस वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग करें। यदि किसी एजेंसी द्वारा अधिक कीमत वसूलने, अनियमित वितरण करने या कालाबाजारी करने की शिकायत मिलती है तो तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को एलपीजी गैस सिलेंडर से संबंधित कोई समस्या आती है, जैसे समय पर सिलेंडर न मिलना, अधिक कीमत वसूली या अन्य किसी प्रकार की शिकायत, तो वे कंट्रोल रूम नंबर 01334-239444, टोल फ्री नंबर 01334-1077 या मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर और उचित दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो। इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था की नियमित समीक्षा और निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल सहित खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!