लक्सर गोलीकांड: कोर्ट पेशी के दौरान विनय त्यागी पर फिल्मी स्टाईल में फायरिंग कर फरार हुए दोनो आरोपी गिरफ्तार

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)
लक्सर में कोर्ट में पेशी पर ले जाए जा रहे कुख्यात बदमाश विनय त्यागी को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह गिरफ्तारी खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से की है, जिससे पूरे मामले में अहम सफलता मिली है।यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब कुख्यात अपराधी विनय त्यागी को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। जैसे ही पुलिस वाहन लक्सर फ्लाईओवर के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक विनय त्यागी पर फायरिंग कर दी। इस अप्रत्याशित हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल विनय त्यागी का इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। आम जनता में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिले। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित कीं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया गया और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से सन्नी यादव और अजय नाम के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस हमले के पीछे क्या कारण थे और कहीं इसके पीछे किसी बड़ी आपराधिक साजिश की भूमिका तो नहीं है।
वहीं, इस घटना में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने के आरोप में एक दरोगा और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही, घायल विनय त्यागी को समय रहते उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने वाले दो सिपाहियों को उनके साहस और तत्परता के लिए सम्मानित भी किया गया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद से ही पुलिस पूरी गंभीरता से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। कई अहम सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

