रुड़की सिविल लाईन स्थित लिटिल जीनियस स्कूल में नन्हें बच्चों ने रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया
(ब्योरो- दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। देशभर में 9 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा, लेकिन इससे पहले ही रुड़की के स्कूलों में त्योहार की धूम दिखाई देने लगी है। इसी कड़ी में सिविल लाइंस स्थित लिटिल जीनियस प्लेवे नर्सरी स्कूल में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के साथ मनाया गया।स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने इस पावन अवसर पर एक-दूसरे को राखी बांधकर आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार का आनंद लिया और राखी गीतों पर थिरकते हुए उत्सव को यादगार बना दिया।कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रधानाचार्य एच.बी. कौर ने बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत करता है, जिसमें बहनें अपने भाई की लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करते हुए उसकी कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं।इस दौरान स्कूल की अध्यापिकाएँ आशु मेहता, रीता सचदेवा, तनुजा कनौजिया और शिवांगी ने भी बच्चों के साथ उत्सव में भाग लिया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की मुस्कान और उल्लास ने पूरे माहौल को उल्लासमयी बना दिया।
रक्षाबंधन पर मनाया गया यह आयोजन नन्हें बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों की समझ विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।