1922 से सैनी सभा के नाम है आश्रम की जमीन,फर्जी दावों का उपाध्यक्ष इंजीनियर करण सिंह सैनी ने किया खंडन

(ब्योरो – दिलशाद खान) (रिपोर्ट- KNEWS18)
हरिद्वार, 31 जुलाई 2025
सैनी आश्रम ज्वालापुर को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ तब आया जब सैनी सभा जनपद हरिद्वार के उपाध्यक्ष इंजीनियर करण सिंह सैनी ने पूर्व राज्य मंत्री राम सिंह सैनी और उनके सहयोगियों पर साजिशन फर्जी समिति बनाकर आश्रम पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह षड्यंत्र सैनी समाज किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा।
करण सिंह सैनी ने बताया कि राम सिंह सैनी जो कि अब 95 वर्ष के हैं और मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, एक नकली समिति बनाकर सैनी आश्रम की संपत्ति को हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम की जमीन का बैनामा वर्ष 1922 में सैनी सभा के नाम हुआ था, जो पहले सहारनपुर/मुजफ्फरनगर जनपद के अंतर्गत था जिसके सभी प्रमाण उनके पास मौजूद हैं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देहरादून रजिस्ट्रार कार्यालय ने भी पुष्टि की है कि सैनी आश्रम का मालिकाना हक सैनी सभा जनपद हरिद्वार रजिस्टर्ड के नाम ही है और बाई-लॉज के अनुसार सभी कार्य जैसे आश्रम निर्माण वैध हैं।
आरोप: फर्जी समिति, बिल्डर से साठगांठ और धन लेनदेन
करण सिंह सैनी ने यह आरोप भी लगाया कि पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने एक बिल्डर के साथ मिलकर आश्रम की संपत्ति हड़पने की योजना बनाई है। उन्होंने दावा किया कि इस बिल्डर ने पूर्व अध्यक्ष आदेश सैनी को ₹5 लाख का चेक भी दिया था, जिसके साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राम सिंह ने स्वयं को संरक्षक घोषित कर पूरी समिति पर नियंत्रण स्थापित कर लिया और जब चाहें किसी को भी पद से हटा सकते हैं।
प्रशासनिक रुख और आगामी सभा
करण सिंह सैनी ने बताया कि 27 जुलाई को जब राम सिंह ने सभा के लिए परमिशन मांगी तो डीएम हरिद्वार ने स्पष्ट किया कि उनके पास केवल एक कमरे का अधिकार है और उस कमरे में सभा करने की अनुमति दी गई थी लेकिन पूरे आश्रम पर उनका कोई अधिकार नहीं है। ई. करण सिंह सैनी ने जानकारी दी कि 3 अगस्त 2025 को एक महत्वपूर्ण आम सभा सैनी आश्रम, ज्वालापुर के प्रांगण में आयोजित की जाएगी जिसमे हजारों की संख्या में सैनी समाज के लोग शामिल होंगे जिसकी जिला प्रशासन और पुलिस को सुरक्षा के लिये सूचना दी जा चुकी है।
सदस्यता अभियान और त्रिवार्षिक चुनाव की तैयारी आमसभा में आगामी त्रिवार्षिक चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे और गांव-गांव जाकर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्य बनने के लिए वार्षिक 10 रुपये और ₹1 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क रखा गया है। कुल ₹31 की रसीद दी जाएगी यह प्रक्रिया 103 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार पूरी की जायेगी।
कार्यकारिणी में युवाओं और महिलाओं को मिलेगा विशेष प्रतिनिधित्व
इंजीनियर करण सिंह ने कहा कि 60 सदस्यों की कार्यकारिणी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संरक्षक और कोषाध्यक्ष चुने जाएंगे। इस प्रक्रिया में युवाओं और महिलाओं को विशेष प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
फर्जी समिति का विरोध, निष्कासन और चेतावनी
उन्होंने बताया कि राम सिंह सैनी व उनके समर्थकों को सैनी सभा से निष्कासित कर दिया गया है, और यह निर्णय बहुमत से पास किया गया है। फर्जी समिति द्वारा किए गए सभी कार्यों को समाज अस्वीकार करता है।
समाज के नाम संदेश
अंत में ई.करण सिंह सैनी ने समाज के युवाओं और सदस्यों से आग्रह किया कि वे 3 अगस्त की आम सभा में अधिक संख्या में पहुंचें और सैनी समाज की आन, बान और शान की रक्षा करें उन्होंने आश्वस्त किया कि सैनी आश्रम पर समाज के हर वंशज का अधिकार सुरक्षित रहेगा।