रुड़की- कांग्रेस ने बिगड़ती सफाई व्यवस्था के विरोध में मेयर और सहायक नगर अधिकारी का पुतला फूंका

(दिलशाद खान)(KNEWS18)
रुड़की, 20 जुलाई
रुड़की में बिगड़ती सफाई व्यवस्था के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वाधान में एसडीएम चौक के पास शराब गोदाम के सामने मेयर बलजीत कौर एवं सहायक नगर अधिकारी (एसएनए) का पुतला दहन किया गया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड नंबर 8 के स्थानीय निवासी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वार्ड नंबर 8 के तिराहे पर, सिविल लाइंस क्षेत्र का कूड़ा प्राइवेट रिक्शा चालकों द्वारा घर-घर से एकत्र कर रोडवेज स्थित होटल एवं अन्य संस्थानों से लाया जा रहा है। वहां से नगर निगम के ठेकेदार इसे उठाते हैं। जबकि यह नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह खुद गलियों और होटलों से कूड़ा इकट्ठा कर सीधे डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाए।प्राइवेट रिक्शा चालकों के जरिए कूड़ा उठाने की व्यवस्था में भ्रष्टाचार की आशंका भी जताई गई। वार्ड वासियों की शिकायतों के बावजूद सहायक नगर अधिकारी ने कोई संज्ञान नहीं लिया, जिससे नाराज होकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन के दौरान “मेयर मुर्दाबाद”, “नगर निगम हाय-हाय” जैसे नारे लगाए गए और निगम प्रशासन को चेतावनी दी गई कि अगर जल्द सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय पर धरना और प्रदर्शन किया जाएगा।इस मौके पर बोलते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा,“रुड़की की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त है और सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सबसे दुखद यह है कि यह क्षेत्र खुद मेयर का निजी वार्ड है, जब यहां ऐसी स्थिति है तो बाकी शहर की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।”प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजकुमार सैनी ने भी नगर निगम की लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कभी स्वच्छ और सुंदर रहा रुड़की आज गंदगी का अड्डा बन चुका है।जिला सचिव विकास त्यागी (मोनू) ने बताया कि उन्होंने बार-बार नगर निगम अधिकारियों, पार्षद और मेयर को गंदगी की स्थिति के बारे में सूचित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे जनता में आक्रोश है।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग:
राजेंद्र चौधरी एडवोकेट, राजकुमार सैनी, विकास त्यागी मोनू, राजीव वालिया, आदित्य कुमार राजपाल, राजा चौधरी एडवोकेट, मोहम्मद शमीम, अविनाश त्यागी, नीरज, पंकज राठी, सुभाष चंद्र शर्मा, सुधीर चौधरी, मोहित त्यागी, आदेश सैनी, राजिंदर कुमार, अश्वनी छाबड़ा, नसीम अहमद, मदन पाल भड़ाना, मकसूद हसन, उम्मेद गाजी, अमित मलिक सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी।
नगर निगम रुड़की को चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।