कांवड़ यात्रा-2026: संयुक्त मजिस्ट्रेट ने व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों के साथ बनाई रणनीति, जाम से लेकर सेवा शिविरों को लेकर हुई अहम चर्चा

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की | 20 जुलाई 2026
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को रुड़की में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में व्यापार मंडल एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, सेवा शिविरों की व्यवस्था, स्वच्छता एवं जनसहभागिता जैसे कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने शहर में लगने वाले संभावित यातायात जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहनों के लिए विशेष अनुमति पास जारी किए जाएं, ताकि आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा बैठक में पिरान कलियर क्षेत्र की नहर की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधियों का कहना था कि नहर की समय रहते सफाई होने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। साथ ही नेहरू स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन नए पुल को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले चालू करने का अनुरोध किया गया, जिससे शहर में वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में मौजूद विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों, जिनमें समर्पण, कांवड़ सेवा दल सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे, ने सेवा कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रशासन के सामने रखे। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था केवल तीन से चार घंटे के लिए श्रद्धालुओं को जल, शरबत, फल अथवा भोजन वितरण जैसी सेवा देना चाहती है, तो ऐसे अल्पकालिक सेवा कार्यों के लिए अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाया जाए या अनुमति की अनिवार्यता समाप्त की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सेवा कार्यों में भागीदारी निभा सकें।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने बैठक में आए सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जनहित एवं व्यवहारिक सुझावों का स्वागत करता है और जो भी सुझाव नियमों के अनुरूप होंगे, उन पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने सभी संगठनों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें और व्यवस्था को सुचारु रखने में सहयोग करें।
बैठक में अरविंद कश्यप, नरेश यादव, धीर सिंह, रामगोपाल कंसल, प्रदीप गोयल, अमित अग्रवाल, भारत कपूर, शशिकांत, अरुण कोहली, अंकुर मिनोचा, ध्रुव गुप्ता और सुमित आहूजा सहित व्यापार ३ ‘मंडल एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए सुझावों और प्रस्तावों को कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!