कांवड़ मेले की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अतिक्रमण पर ठेकेदार पर ₹1 लाख जुर्माने के निर्देश
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार, 18 जुलाई 2026। आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और पंतद्वीप पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पार्किंग स्थलों पर सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और हाईमास्ट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय स्थापित किए जाएं और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं मेले की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
निरीक्षण के दौरान पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अव्यवस्थित हालात देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जांच में यह भी पाया गया कि निर्धारित संख्या से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए ₹50 हजार तथा निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर ₹50 हजार, कुल ₹1 लाख का जुर्माना लगाने के निर्देश अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पार्किंग क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को सफाई व्यवस्था में लापरवाही और अतिरिक्त दुकानें लगाए जाने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि 25 जुलाई तक कांवड़ मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग में अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए एसपी ट्रैफिक और एसपी सिटी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग प्रबंधन को पूरी तरह व्यवस्थित रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदरY सिंह, उप मेला अधिकारी (कुंभ) मंजीत सिंह, सीपीयू प्रभारी हितेश, ट्रैफिक इंचार्ज संदीप, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश मेहरा, जल निगम के राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले की सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
