हरेला पर्व पर रोटरी क्लब रुड़की ने किया वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रुड़की, 18 जुलाई 2026। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर रोटरी क्लब रुड़की, अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं श्रीमती नीमा देवी काला पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, अशोक नगर के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़, जीवन दान” थीम के साथ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का संदेश देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटे अल्का मित्तल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “पेड़ मात्र फूल और फल देने का साधन नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का सबसे बड़ा संसाधन हैं।” उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है।
कार्यक्रम संयोजक एवं समाजसेवी तथा रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटे हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि एक पौधे की सुरक्षा और परवरिश बच्चों की तरह करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों को एक-एक पौधे की जिम्मेदारी सौंपी और उन्हें उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
इस अवसर पर पीडीजी रोटे सुभाष सरीन ने विद्यालय परिसर में पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की बेहतर वृद्धि देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने पौधों के संरक्षण के लिए हर्ष प्रकाश काला और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होता है जब पौधों की निरंतर देखभाल की जाए।
रोटरी क्लब की पूर्व अध्यक्षा रोटे रीना नैथानी तथा रोटे वंदना मोहन ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्र समान” की कहावत हमें पेड़ों के महत्व का एहसास कराती है। पेड़ न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवानन्द बुडाकोटी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और लोगों को प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रोटे प्रेम सरीन, विरेन्द्र जैन, विरेन्द्र शर्मा, नन्दन सिंह रावत, नन्दा ऐरी, प्रधानाचार्या श्रीमती कुसुम काला, योगाचार्य सर्वेश गोस्वामी, सरोज बड़थ्वाल, रजनी, अनीता काला, सुनीता, अरुणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प और अधिकाधिक वृक्ष लगाने के आह्वान के साथ हुआ।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!