प्रतियोगिता जीवन की चुनौतियों को आसान बनाती है: इंजीनियर राकेश गर्ग
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
भारत विकास परिषद समर्पण शाखा ने नवरचना पब्लिक स्कूल में कराई वाद-विवाद व भाषण प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रतिबंध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों ने रखे प्रभावशाली विचार
रुड़की। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा, रुड़की द्वारा बुधवार को नवरचना पब्लिक स्कूल, फाजिलपुर में वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने प्रभावशाली विचारों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों के तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
सबसे पहले वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका विषय था “क्या पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास एक साथ संभव है?”। इस विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार बेहद तार्किक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास, सतत विकास और भविष्य की चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने तर्क रखकर निर्णायकों और उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया।
इसके बाद भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका विषय “प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध” रखा गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, मानव स्वास्थ्य पर उसके दुष्प्रभाव तथा स्वच्छ भारत के निर्माण में कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्लास्टिक बैग पर पूर्ण प्रतिबंध का समर्थन किया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश कुमार गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा कि “प्रतियोगिता जीवन की समस्याओं को सुगम बनाती है। इनके माध्यम से विद्यार्थी अपने विचारों को तर्कसंगत, प्रभावशाली और श्रेष्ठ तरीके से प्रस्तुत करना सीखते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करता है।”
शाखा सचिव सोमेन कर्माकर ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। वहीं संस्कार संयोजक डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना और उनके मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है। श्रीमती मृणालिनी शर्मा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निर्णायक मंडल में श्रीमती वीना सिंह, श्रीमती रश्मि जैन, श्रीमती मृणालिनी शर्मा तथा श्री दिलीप प्रधान शामिल रहे। निर्णायकों ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके कारण विजेताओं का चयन करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में लविषा चोकर ने प्रथम, रिया ने द्वितीय तथा आरुषि एवं इशिता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में वैभव त्यागी प्रथम, खुशी द्वितीय और आयुष्मान तृतीय स्थान पर रहे। मरियम तथा अवनी प्रजापति को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका रचिता पांडे ने किया। इस दौरान सहयोगी अध्यापक एवं स्टाफ सदस्य गीता रानी, टीना त्यागी, ईशु ममगाई तथा मनोज कुमार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में डॉ. शालिनी जोशी पंत एवं श्री निखिल पंत ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए स्वादिष्ट जलपान की व्यवस्था के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
