रोटरी क्लब रुड़की के जोनल मीट में 40 नई RCC इकाइयों को मिला चार्टर, समाज सेवा और महिला स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया गया जोर
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 26 जून। रोटरी क्लब रुड़की द्वारा सिद्धार्थ होटल में आरसीसी (Rotary Community Corps) जोनल मीट, चार्टर सम्मान समारोह एवं ‘प्रोजेक्ट NYRA’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए आरसीसी पदाधिकारियों, रोटेरियनों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान 40 नवगठित आरसीसी इकाइयों को चार्टर प्रदान कर उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे रवि प्रकाश ने नवगठित आरसीसी इकाइयों को चार्टर प्रदान करते हुए कहा कि रोटरी क्लब अपने विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आरसीसी रोटरी की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आरसीसी डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. संजीव सैनी की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1988 के बाद जिस प्रकार उन्होंने आरसीसी को दोबारा सक्रिय कर नई ऊर्जा प्रदान की है, वह सराहनीय है।
विशिष्ट अतिथि रोटेरियन मुजीब मलिक ने रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटे रीना नैथानी के नेतृत्व में वर्षभर किए गए सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने क्लब को जनहित के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए डिस्ट्रिक्ट का सर्वश्रेष्ठ क्लब बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
समारोह में पूर्व एडीजी अचल मित्तल, सुभाष सरीन, आरसीसी डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. संजीव सैनी, कार्यक्रम अध्यक्ष पीपी रोटे हर्ष प्रकाश काला, राजेश चंद्रा, वी.के. शर्मा, पीपी रोटे वंदना, पी.सी. सैनी, एडीजी इलेक्ट रोटे गगन सरीन, वर्ष 2026-27 की अध्यक्षा रोटे अलका मित्तल, ममता सैनी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन, उनके परिवारजन एवं विभिन्न आरसीसी इकाइयों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘प्रोजेक्ट NYRA’ के अंतर्गत आयोजित मासिक धर्म स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता सत्र रहा। इस दौरान अविका सिंघल ने मेंस्ट्रुअल कप के उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि यह महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती विकल्प है। उन्होंने कहा कि मेंस्ट्रुअल कप के नियमित उपयोग से प्लास्टिक आधारित सैनिटरी उत्पादों का उपयोग कम होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा।
जागरूकता सत्र के दौरान उपस्थित सदस्यों ने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों को दूर करने तथा महिलाओं एवं किशोरियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है तथा रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर संचालित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब रुड़की की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह की अध्यक्षता पीपी रोटे हर्ष प्रकाश काला ने की, जबकि मंच संचालन पीपी रोटे दिलीप प्रधान ने प्रभावी ढंग से किया। पूरे आयोजन में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, महिला स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया, जिसकी उपस्थित सभी लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।






