आईआईटी रुड़की में चमकी राफिया की प्रतिभा, पोस्टल प्रतियोगिता में जीता प्रथम पुरस्कार,कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया सम्मानित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। आईआईटी रुड़की में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर “जिम्मेदार नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई।इस कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी रुड़की, यूकोस्ट तथा साइंस सोसायटी ऑफ उत्तराखंड द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने की, जबकि यूकोस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र से जुड़े कई विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान,सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नवाचार केवल आर्थिक विकास के साधन नहीं हैं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अवसर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तकनीकी असमानता को समाप्त करने और हर वर्ग तक तकनीक का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास तभी संभव है, जब नवाचार का लाभ गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं तक पहुंचे।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। इसी क्रम में हाजी इमरान महिग्रान की पुत्री राफिया, जो आर्य कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा नौवीं की छात्रा हैं, को आईआईटी रुड़की में आयोजित पोस्टल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने राफिया को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राफिया की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। पिता हाजी इमरान महिग्रान ने बताया कि उनकी पुत्री ने कठिन मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है। छात्रा की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और परिचितों ने परिवार को बधाई देते हुए राफिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।महिग्रान निवासी हाजी इमरान ने कहा कि उनकी पुत्री राफिया ने मेहनत और लगन से आईआईटी रुड़की की पोस्टल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बेटी के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है और इससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।
