देहरादून में लूट के बाद मुठभेड़: एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
देहरादून, 30 अप्रैल।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उससे लाखों रुपये और जरूरी सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी भी घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है और उससे लूटपाट की है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल देवराज ने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा नीले रंग का बैग लूट लिया। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की दिशा में फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस टीम के नजदीक पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगी, जिससे वह घायल हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (शहर) मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस ने पूरे जनपद में नाकाबंदी कर दी है और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।







